Search

September 16, 2026 8:13 pm

श्मशान भूमि पर निर्माण की कोशिश पुलिस ने रुकवाई

सिंधी-पंजाबी समाज ने 70 साल पुराने इस्तेमाल का दिया हवाला, राजस्व रिकॉर्ड और दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच की मांग

पाकुड़। शहर के मालगोदाम रोड स्थित जेबी नंबर 50, दाग नंबर 2054 की जमीन को लेकर बुधवार को विवाद हो गया। सिंधी-पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों के अनुसार, दूसरे पक्ष की ओर से कुछ लोगों के साथ जमीन पर निर्माण की कोशिश की जा रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर काम रुकवा दिया।।इसके बाद समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर संबंधित दस्तावेज सौंपे और भूमि के पुराने व वर्तमान राजस्व रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच की मांग की। समाज का दावा है कि उक्त जमीन का उपयोग करीब 70 वर्षों से सिंधी, पंजाबी समेत हिंदू समाज के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान भूमि के रूप में होता रहा है। समाज के प्रेमचंद गंगवानी ने कहा कि करीब सात दशक से यहां अंतिम संस्कार किए जाते रहे हैं। अचानक जमीन पर अलग दावा सामने आने से समाज में चिंता है। प्रतिनिधियों के मुताबिक, दूसरे पक्ष ने जमीन के समर्थन में एक दस्तावेज दिखाया है। समाज ने उसकी वैधता और प्रामाणिकता की जांच के साथ राजस्व रिकॉर्ड से उसका मिलान कराने की मांग की है।।समाज की ओर से बताया गया कि मंगलवार को नगर थाना में आवेदन देकर निर्माण रोकने, दस्तावेजों की जांच कराने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की गई थी। आवेदन में विरोध करने पर धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, किसी दस्तावेज के फर्जी होने या किसी व्यक्ति के अवैध गतिविधि में शामिल होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जांच पूरी होने तक निर्माण रोकने की मांग

समाज ने प्रशासन से जेबी नंबर 50, दाग नंबर 2054, 2056 और 2057, मौजा 128 के पुराने एवं वर्तमान राजस्व रिकॉर्ड की जांच कराने, जमीन के श्मशान के रूप में लंबे समय से उपयोग के दावे का सत्यापन करने और जांच पूरी होने तक स्थल पर किसी भी तरह का निर्माण या यथास्थिति में बदलाव नहीं होने देने की मांग की है। पुलिस हस्तक्षेप के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। समाज ने विवाद का समाधान दस्तावेज, राजस्व रिकॉर्ड और स्थल की वास्तविक स्थिति के आधार पर करने का आग्रह किया है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!