पाकुड़िया। छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पाकुड़िया प्रखंड मुख्यालय स्थित तीरपितिया नदी छठ घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में एसआई अमरजीत कुमार मिश्रा सहित पुलिसकर्मियों ने श्रमदान कर घाट परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने घाट की सफाई कर पूरे परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। छठ महापर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। पुलिसकर्मियों की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि त्योहार के अवसर पर पुलिस प्रशासन की ओर से स्वच्छता के लिए किया गया श्रमदान सराहनीय है।






