सानू कुमार
महेशपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित दत्तापाड़ा में स्थापित मां आनन्दमयी काली एवं भैरो बाबा की प्रतिमा का विसर्जन शुक्रवार को पारंपरिक रीति-रिवाज एवं भक्तिमय माहौल में किया गया. विसर्जन के दौरान पूरा महेशपुर क्षेत्र मां काली के जयकारों से गूंज उठा. मां की विदाई के इस भावुक पल में श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं. वहीं, भक्तों ने नम आंखों से मां को अगले वर्ष पुनः आने का निमंत्रण देते हुए विदाई दी.
विसर्जन को लेकर सुबह से ही दत्तापाड़ा स्थित मां आनन्दमयी काली मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी. पूजा- अर्चना एवं धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करने के बाद मां आनन्दमयी काली और भैरो बाबा की प्रतिमा को विसर्जन के लिए रवाना किया गया. ढोल-नगाड़ों, गाजे -बाजे और भक्तिमय धुनों के बीच श्रद्धालु विसर्जन यात्रा में शामिल हुए. इस दौरान महिला, पुरुष एवं युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ मां के जयकारे लगाए. नगर भ्रमण के दौरान जगह- जगह श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. विसर्जन यात्रा में शामिल श्रद्धालु मां के भक्ति गीतों और जयकारों में लीन नजर आए. एक ओर जहां भक्तों में मां की विदाई को लेकर भावुकता थी, वहीं दूसरी ओर अगले वर्ष फिर से मां के आगमन की प्रतीक्षा और उत्साह भी देखने को मिला. मां आनन्दमयी काली की विदाई के साथ ही दत्तापाड़ा सहित पूरे महेशपुर का माहौल भक्तिमय और भावुक हो गया. इस अवसर पर काली पूजा कमेटी के अध्यक्ष नव कुमार घोष, सचिव मनोज सिंह, राणा सिंह, पार्थ दत्ता, संदीप घोष, काजल दास, बासुकीनाथ तिवारी, साधन घोष, मिलन घोष, गंगा घोष, रितेश वर्मा, हर्ष वर्मा, रोहित रविदास, देव दास, शुभो दत्ता, शेखर दत्ता, कृष्णों दत्ता, गौरव भुईमालि, निर्मल दत्ता, बिट्टू दत्ता, सोनू गुप्ता, मुकेश सिंह, चंद्रनाथ दत्ता सहित कमेटी के सदस्य एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे. सभी ने शांतिपूर्ण एवं पारंपरिक तरीके से विसर्जन कार्यक्रम को संपन्न कराने में सहयोग किया. उधर महेशपुर पुलिस मुस्तेद दिखे.






