छठ कमेटियों से बोले पूर्व मंत्री आलमगीर आलम- समस्या हो तो सीधे करें फोन।
पाकुड़। छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने जिला कांग्रेस की टीम के साथ पाकुड़ नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही छठ पूजा समितियों को जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।
आलमगीर आलम ने कहा कि छठ लोक आस्था का बड़ा पर्व है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में माताएं-बहनें घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देती हैं। इसलिए सभी तालाबों और घाटों की समय रहते बेहतर तरीके से सफाई होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन से भी व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। पूर्व मंत्री ने छठ पूजा समितियों को भरोसा दिलाया कि घाटों पर किसी तरह की समस्या या परेशानी होने पर वे सीधे उन्हें फोन कर सकते हैं। सूचना मिलते ही समस्या के समाधान के लिए तत्काल पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे हैं। श्रद्धालुओं को सुविधा मिले, यह उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं। मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष शाहीन परवेज़, मीडिया प्रभारी पियारूल इस्लाम, प्रखंड अध्यक्ष मांसारुल हक समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।










