Search

November 14, 2026 7:39 pm

नेम-निष्ठा के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व, खरना से 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का होगा आगाज

पाकुड़। लोक आस्था, पवित्रता और अटूट श्रद्धा का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पहले दिन छठव्रतियों ने स्नान, घरों की साफ-सफाई और पारंपरिक प्रसाद तैयार कर पूरी नेम-निष्ठा के साथ अनुष्ठान किया। घरों में छठी मैया के गीत गूंजने लगे हैं और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबने लगा है। नहाय-खाय पर छठव्रतियों ने स्नान के बाद पूजा स्थल की सफाई कर गंगाजल का छिड़काव किया। इसके बाद मिट्टी के चूल्हे पर लकड़ी और गोइठा से अरवा चावल का भात, चना दाल और कद्दू की सब्जी सहित पारंपरिक भोजन तैयार किया। भगवान सूर्यदेव को भोग लगाने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। महापर्व के दूसरे दिन खरना का अनुष्ठान होगा। इसके लिए छठव्रती गुड़ की खीर, रोटी और अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार करेंगे। शाम को पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा। यह कठिन व्रत उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद संपन्न होगा। खरना के बाद घरों में ठेकुआ सहित अन्य पारंपरिक प्रसाद बनाने की तैयारी तेज होगी। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य और सोमवार को उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!