Search

November 13, 2026 10:44 pm

गांवों में नकली शराब की शिकायतें, आबकारी विभाग के पास सीमित अमला; आखिर कैसे रुकेगा अवैध कारोबार?

जिले के ग्रामीण इलाकों तक बंगाल निर्मित शराब खपाने के आरोप, अधीक्षक ने शिकायतें मिलने की बात स्वीकारी।

हिरणपुर (पाकुड़)। पाकुड़ जिले में अवैध शराब का कारोबार रोकना आबकारी विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनता दिख रहा है। हिरणपुर के डांगापाड़ा चौक, गम्हरिया सड़क और मोहनपुर बाजार में अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें हैं। वहीं बेलडांगा, प्यादापुर और कीताझोर सहित ग्रामीण इलाकों में पश्चिम बंगाल निर्मित नकली शराब बेचे जाने की सूचना भी सामने आई है। लगातार मिल रही शिकायतों के बीच विभाग की निगरानी और कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, डांगापाड़ा चौक में पंचायत भवन के समीप और गम्हरिया सड़क किनारे एक किराना दुकान में कथित तौर पर शराब बेची जा रही है। देर रात तक ग्राहकों की आवाजाही की शिकायत है। करीब दो वर्ष पहले पुलिस ने बड़ी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की थी, लेकिन इसके बावजूद अवैध बिक्री की शिकायतें फिर सामने आ रही हैं। मामले पर आबकारी अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि लाइसेंसी दुकानों की प्रत्येक 15 दिन या महीने में नियमित जांच की जाती है। उनके अनुसार, लाइसेंसी दुकानों से नकली शराब की बिक्री नहीं हो रही है। हालांकि, बेलडांगा, प्यादापुर और कीताजोर जैसे गांवों से बंगाल निर्मित शराब की बिक्री की शिकायतें मिली हैं। इन पर विभाग की ओर से छापेमारी और कार्रवाई की जा रही है।
अधीक्षक ने स्वीकार किया कि विभाग में मानव बल और संसाधनों की कमी है। वर्तमान में केवल एक सब-इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल के भरोसे कामकाज चल रहा है। दूसरी ओर, हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है। सीमावर्ती रास्तों से पाकुड़ में शराब की आपूर्ति के संबंध में पूछे जाने पर आबकारी अधीक्षक ने जानकारी होने से इनकार किया। सरकार नशामुक्ति को लेकर अभियान चला रही है, ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों से मिल रही शिकायतें गंभीर जांच की मांग करती हैं। अब जरूरी है कि विभाग केवल नियमित जांच तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायत वाले ठिकानों पर कार्रवाई कर शराब की आपूर्ति के स्रोत का भी पता लगाए। आखिरकार, अवैध शराब पर रोक का आकलन छापेमारी के दावों से नहीं, बल्कि कारोबार पर लगने वाली प्रभावी रोक से होगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!