Search

September 26, 2026 11:13 pm

जर्जर सड़क के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे ग्रामीण, धरना-प्रदर्शन के साथ चक्का जाम।

अमर भगत

अमड़ापाड़ा/पाकुड़ – मुख्य बाजार की जर्जर सड़क समेत क्षेत्र की विभिन्न स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों और युवाओं ने आंदोलन का निर्णय लिया है। इसके तहत सोमवार, 28 सितंबर 2026 को होटल आरएस पैलेस के समीप मुख्य मार्ग पर एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम करने का आह्वाहन किया गया है। जिसकी तैयारी कर ली गई है। आंदोलन को लेकर स्थानीय युवाओं की ओर से शुक्रवार को अंचल अधिकारी, अमड़ापाड़ा एवं थाना प्रभारी, अमड़ापाड़ा थाना को लिखित रूप से पूर्व सूचना दी गई है। युवाओं का कहना है कि अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार की सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में है जिससे स्थानीय लोगों, राहगीरों एवं वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के स्थायी समाधान के साथ क्षेत्र की अन्य बुनियादी समस्याओं के निराकरण की भी मांग की जा रही है। स्थानीय युवाओं के अनुसार सड़क समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर उपायुक्त पाकुड़ को पूर्व में कई बार लिखित सूचना एवं आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के कारण अब ग्रामीणों एवं युवाओं ने लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने का निर्णय लिया है। आवेदन सौंपने के दौरान अमन कुमार, मो. जहांगीर, निखिल भारती, प्रेमित कुमार, गौरव कुमार और सोहेल समेत कई स्थानीय युवा मौजूद रहे। युवाओं ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि क्षेत्र की लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!