इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़)। रामपुर पंचायत के बिलासपुर स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। विद्यालय परिसर में 15वें वित्त आयोग की राशि से निर्माणाधीन शौचालय के लिए बनाया गया गहरा सेप्टिक टैंक का गड्ढा खुला छोड़ दिया गया है। न सुरक्षा घेराबंदी है, न ढक्कन और न ही चेतावनी बोर्ड। ऐसे में रोजाना स्कूल आने वाले नौनिहालों की जान खतरे में है। सवाल उठता है कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा?
विद्यालय में पहली से पांचवीं कक्षा तक के छोटे बच्चे पढ़ते हैं। परिसर में बच्चों की चहलकदमी और खेलकूद के बीच खुला गड्ढा किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। खेलते समय असावधानी या पैर फिसलने से कोई बच्चा सीधे गड्ढे में गिर सकता है। इसके बावजूद निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदारों ने अब तक सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए हैं।
निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल।
शौचालय निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। सीमेंट, बालू, ईंट और पाइप की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की तकनीकी जांच होना बाकी है।
अभिभावकों को सता रहा बच्चों की सुरक्षा का डर।
अभिभावकों का कहना है कि वे बच्चों को पढ़ने के लिए स्कूल भेजते हैं, लेकिन परिसर में खुले गड्ढे के कारण उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी और शिक्षा विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनकी मांग है कि सबसे पहले गड्ढे की मजबूत घेराबंदी कर उसे सुरक्षित किया जाए। इसके बाद निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और अनियमितता मिलने पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो।
सवालों के घेरे में जिम्मेदारों की निगरानी।
स्कूल परिसर में निर्माण कार्य के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अनिवार्य है। ऐसे में बिना सुरक्षा घेराबंदी के गहरा गड्ढा खुला छोड़ना निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का कहना है कि शौचालय बच्चों की सुविधा के लिए बन रहा है, उनकी जान जोखिम में डालने के लिए नहीं। अब देखना है कि संबंधित विभाग किसी अनहोनी से पहले कार्रवाई करता है या फिर शिकायतों के बाद भी यह लापरवाही जारी रहती है।






