पाकुड़। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर परिषद पाकुड़ की ओर से शहर के विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई एवं बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में नगर परिषद की पहल पर वार्ड संख्या-15 स्थित शिव शीतला मंदिर परिसर के छठ पोखर की साफ-सफाई का कार्य शुरू कराया गया है। वार्ड पार्षद श्रीमती चंचल सिंह की देखरेख में सफाईकर्मियों द्वारा पोखर एवं उसके आसपास के परिसर की सफाई कराई जा रही है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस दौरान वार्ड पार्षद चंचल सिंह ने साफ-सफाई कार्य का जायजा लिया और स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने छठ महापर्व के मद्देनजर घाट परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने की दिशा में आवश्यक पहल की। मौके पर मोहल्ले के लोगों ने भी सफाई कार्य में रुचि दिखाई। इस दौरान बबलू सिंह, कुंदन ठाकुर, दिलीप शर्मा, निर्मल भगत, लखी रजक सहित कई मोहल्लेवासी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए छठ पोखर की नियमित साफ-सफाई और घाट पर बेहतर व्यवस्था बनाए रखने की बात कही।









