Search

November 11, 2026 9:25 pm

एसबी-11 पथरडांगा ने ब्लॉक बाजीगर को 33 रन से हराकर जीता पथरडांगा क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब

फाइनल में जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम ने किया उद्घाटन, विजेता टीम को 20 हजार और उपविजेता को मिले 18 हजार रुपये

पाकुड़िया। प्रखंड मुख्यालय स्थित +2 उच्च विद्यालय मैदान में बुधवार को पथरडांगा क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-3 का रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया। खिताबी भिड़ंत में एसबी-11 पथरडांगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्लॉक बाजीगर को 33 रनों से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। फाइनल मुकाबले का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम ने फीता काटकर किया। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसबी-11 पथरडांगा की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में पांच विकेट खोकर 128 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लॉक बाजीगर की टीम एसबी-11 के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और नौ विकेट के नुकसान पर 95 रन ही बना पाई। इस तरह पथरडांगा की टीम ने 33 रनों की शानदार जीत के साथ सीजन-3 का खिताब अपने नाम कर लिया। आयोजकों की ओर से विजेता टीम को 20 हजार रुपये नकद और बड़ा कप, जबकि उपविजेता टीम को 18 हजार रुपये नकद एवं कप देकर सम्मानित किया गया। वहीं, विकास ठाकुर को टूर्नामेंट ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। मौके पर समाजसेवी राजू चौबे, संजीव चौबे, भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष हृदयानंद भगत सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

IMG 20261111 WA0046
IMG 20261111 WA0044
IMG 20261111 WA0045

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!