पारंपरिक रीति-रिवाज से हुई पूजा-अर्चना, वक्ताओं ने कहा- गौरवशाली इतिहास और पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी।
प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। प्रखंड के धूमसी पहाड़ गांव में बुधवार को अमर शहीद बाबा जबरा पहाड़िया उर्फ तिलका मांझी की आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इस मौके पर पहाड़िया समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना कर अपने महान पूर्वज को नमन किया। समारोह में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग जुटे और प्रतिमा स्थापना को समाज के गौरव एवं ऐतिहासिक पहचान से जोड़कर देखा। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम प्रधान बबलू पहाड़िया, पुजारी सिलास पहाड़िया और सुंदर पहाड़िया ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ की। इसके बाद मुख्य सलाहकार बैजनाथ पहाड़िया, महासचिव शिवचरण मालतो और डेविड मालतो ने फीता काटकर तथा नारियल फोड़कर प्रतिमा का अनावरण किया। समारोह के दौरान बच्चियों ने पारंपरिक गीत प्रस्तुत कर माहौल को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पहाड़िया समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है, लेकिन दुर्भाग्य से उसे वह पहचान और सम्मान नहीं मिल पाया, जिसका वह हकदार है। दामिन-ए-कोह क्षेत्र को पहाड़िया समाज की ऐतिहासिक भूमि बताते हुए उन्होंने इतिहास में 147 राजाओं के उल्लेख का भी जिक्र किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिमा स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और पहचान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
उन्होंने चिंता जताई कि आजादी के बाद भी समाज को अपेक्षित अधिकार और सम्मान नहीं मिल सका है। यहां तक कि पूर्व राजाओं के परिवारों की स्थिति भी बदहाल है। वक्ताओं ने समाज के लोगों से एकजुट होकर अपने हक और अधिकारों के लिए संघर्ष करने तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने की अपील की।






