एसडीओ के नेतृत्व में देर रात जांच, वाहनों के चालान और दस्तावेज खंगाले; संदिग्ध परिवहन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
पाकुड़। अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने रात में निगरानी बढ़ा दी है। सोमवार देर रात अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने पाकुड़ अंचल के चार चेकपोस्टों पर अचानक दबिश दी। टीम ने चेंगाडांगा, पत्थरघट्टा, प्यादापुर और चांदपुर चेकपोस्ट का निरीक्षण कर खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहनों के चालान, परिवहन से संबंधित दस्तावेज और निर्धारित नियमों के अनुपालन की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने चेकपोस्टों पर तैनात कर्मियों से जांच व्यवस्था की जानकारी ली और रात के समय भी पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
संदिग्ध वाहन दिखे तो तुरंत कार्रवाई
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि खनिज परिवहन में किसी तरह की गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जांच के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खनन निरीक्षक समेत पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने कहा कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। देर रात चेकपोस्टों की औचक जांच को इसी अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।








