Search

November 7, 2026 11:55 pm

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाई-दूध के नमूने लिए

सोनाजोड़ी से मुख्य बाजार तक दुकानों की जांच, बेसन, रसगुल्ला, लड्डू और खोया के चार नमूने प्रयोगशाला भेजे जाएंगे

पाकुड़। दीपावली पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार के नेतृत्व में टीम ने सोनाजोड़ी बाजार से पाकुड़ मुख्य बाजार तक किराना दुकानों, मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंट की जांच की। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखने के लिए चार नमूने भी संग्रहित किए गए।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर चलाए गए अभियान में किराना दुकान से बेसन तथा मिठाई दुकानों से स्पंज रसगुल्ला, लड्डू और खोया के नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। टीम ने दूध और पनीर की आपूर्ति करने वाले बाइक सवार विक्रेताओं को रोककर भी जांच की। निरीक्षण के दौरान मिठाई दुकानदारों को अखाद्य और प्रतिबंधित रंगों का इस्तेमाल नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिठाइयों में केवल अनुमन्य खाद्य रंगों का ही निर्धारित मात्रा में प्रयोग किया जा सकता है। साथ ही एक्सपायर्ड और मिलावटी सामग्री का भंडारण या बिक्री नहीं करने तथा दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कारोबारियों को वैध एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण के साथ व्यवसाय करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। विभाग ने चेतावनी दी है कि मिलावट या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई होगी। त्योहार तक जांच अभियान जारी रहेगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!