40-45 ट्रिप की उम्मीद, नहीं मिल रही निर्धारित संख्या; बैठक में सुरक्षा बढ़ाने और भाड़ा बढ़ाने की उठी मांग।
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। डीजल और कोयला चोरी से परेशान ट्रांसपोर्टरों का दर्द रविवार को अमड़ापाड़ा के आरएस पैलेस में हुई बैठक में खुलकर सामने आया। पाकुड़-दुमका के सैकड़ों ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों ने डीजल चोरी, कोयला चोरी, वाहनों के फंसने पर कथित अवैध मांग और कंपनी से कम ट्रिप मिलने जैसी समस्याओं पर नाराजगी जताई। ट्रांसपोर्टरों ने आरोप लगाया कि परिवहन मार्ग में कई जगह डीजल चोरी की घटनाएं हो रही हैं। कुछ स्थानों पर हथियार दिखाकर चालकों को डराने और वाहनों से सैकड़ों लीटर डीजल निकालने की शिकायत भी सामने आई। वहीं, रास्ते में वाहनों से कई टन कोयला चोरी किए जाने का भी आरोप लगाया गया। इससे वाहन मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कम ट्रिप ने बिगाड़ा हिसाब
बैठक में सबसे ज्यादा चिंता कंपनी से अपेक्षित ट्रिप नहीं मिलने को लेकर जताई गई। ट्रांसपोर्टरों के अनुसार 40 से 45 ट्रिप मिलने की उम्मीद थी, लेकिन कम ट्रिप मिलने से डीजल, चालक खर्च, रखरखाव और अन्य लागत निकालना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कंपनी अपेक्षित ट्रिप नहीं दे सकती तो परिवहन दर में उचित बढ़ोतरी की जाए। वाहन फंसने या सड़क से थोड़ा नीचे उतरने पर कुछ ग्रामीणों द्वारा कथित रूप से अनावश्यक मांग किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। ट्रांसपोर्टरों ने संबंधित मार्गों पर सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक हस्तक्षेप बढ़ाने की मांग की। बैठक में संतोष रजक, अमित भगत, उमाशंकर भगत, मनोज भगत, संजय भगत, गिरिधारी साह, पवन भगत, सुमन भगत समेत पाकुड़-दुमका के सैकड़ों ट्रांसपोर्टर व वाहन मालिक मौजूद रहे।







