Search

October 29, 2026 9:19 pm

सत्संग से समाज में संस्कार और संगठन की मजबूती पर जोर, कार्यकर्ताओं को अरुण नेटके ने दिया संदेश।

विहिप की विभाग बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, हितचिंतक अभियान और धर्म रक्षा निधि को डिजिटल बनाने की जानकारी

पाकुड़। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सहमंत्री अरुण नेटके ने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह अपने क्षेत्र में सत्संग को बढ़ावा दे। सत्संग के माध्यम से समाज में संस्कार, आपसी समन्वय और धार्मिक-सांस्कृतिक जागरूकता को मजबूत किया जा सकता है। वे गुरुवार को पाकुड़ नगर स्थित भारत माता मंदिर परिसर में आयोजित विश्व हिंदू परिषद की साहिबगंज विभाग स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष मनीष कुमार ने की। इसमें संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ कार्यकर्ताओं के दायित्वों, आगामी कार्यक्रमों और संगठन विस्तार की रणनीति पर चर्चा हुई। अरुण नेटके ने कार्यकर्ताओं से रामायण और गीता के उपदेशों को जीवन में अपनाने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक ग्रंथों के आदर्शों से जुड़ाव समाज में संस्कार और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने युवतियों से मां दुर्गा के समान शक्ति और आत्मविश्वास अपनाने की अपील की। साथ ही कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों और संगठनात्मक कार्यों में अनुशासन, सक्रियता तथा समयबद्धता के महत्व से अवगत कराया।

अब डिजिटल माध्यम से होंगे संगठन के अभियान।

बैठक में अरुण नेटके ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद के कार्यों को डिजिटल माध्यम से संचालित करने पर जोर दिया जा रहा है। इस बार हितचिंतक अभियान और धर्म रक्षा निधि से संबंधित कार्यक्रम पूरी तरह डिजिटल प्रारूप में संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को हितचिंतक अभियान के निर्धारित प्रारूप को पूरा भरकर जमा करने और संबंधित पदाधिकारियों को अपना अद्यतन कार्यवृत्त प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
बैठक को प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार ने भी संबोधित किया। उन्होंने संगठनात्मक कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अरुण नेटके विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सहमंत्री के साथ अखिल भारतीय मंदिर एवं अर्चक-पुरोहित संपर्क प्रमुख तथा धर्मयात्रा महासंघ के अखिल भारतीय सहप्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। बैठक में प्रांत विमर्श टोली के सदस्य अशोक वर्मा, प्रांत गो रक्षा प्रमुख संदीप मंडल, विभाग मंत्री अरविंद घोष, साहिबगंज जिला मंत्री गोपी सहित प्रांत, विभाग और जिला स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न आयामों के प्रतिनिधि, प्रखंड अध्यक्ष-मंत्री तथा बजरंग दल के संयोजक उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!