Search

September 27, 2026 11:47 pm

स्कूल जाने वाली दोनों सड़कें बदहाल, गड्ढों और कीचड़ के बीच पढ़ने पहुंच रहे सैकड़ों बच्चे

बारिश में बढ़ जाती है परेशानी, साइकिल से आने वाले विद्यार्थियों के गिरकर चोटिल होने का खतरा; ग्रामीणों ने मरम्मत की मांग उठाई।

पाकुड़िया। तेतुलिया पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चुनपाड़ा तक पहुंचने वाली दोनों कच्ची सड़कें लंबे समय से बदहाल हैं। सड़क पर जगह-जगह बड़े पत्थर, गहरे गड्ढे और कीचड़ के कारण विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। तेतुलिया, ढुमरसोल, तलवा सहित आसपास के कई गांवों से सैकड़ों छात्र-छात्राएं रोजाना विद्यालय पहुंचते हैं। इनमें बड़ी संख्या साइकिल से आने वाले बच्चों की है। उबड़-खाबड़ और गड्ढों से भरी सड़क पर साइकिल चलाना मुश्किल हो जाता है। कई स्थानों पर साइकिल अनियंत्रित होने से बच्चों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है। वहीं, कीचड़ अधिक होने पर विद्यार्थियों को साइकिल से उतरकर पैदल चलना पड़ता है, जिससे विद्यालय पहुंचने में देरी होती है और पढ़ाई भी प्रभावित होती है।प्रधानाध्यापक अरुण कुमार ने बताया कि विद्यालय तक पहुंचने वाली दोनों सड़कें काफी खराब स्थिति में हैं। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और पानी जमा होने से बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है। दूर-दराज के गांवों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए आवागमन और मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में आसपास के कई गांवों के बच्चे पढ़ने आते हैं, इसलिए सड़क की स्थिति में सुधार बेहद जरूरी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोनों सड़कों की जल्द मरम्मत कर आवागमन योग्य बनाने की मांग की है, ताकि बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो।

img 20260927 wa00913982240031361674219
img 20260927 wa00907134107967824406225

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!