3500 रुपए में बेचे थे चोरी के तार, दूसरी वारदात को अंजाम देने पहुंचे तो आरपीएफ ने दबोचा; एक आरोपी फरार।
पाकुड़। रेलवे की सिग्नल व्यवस्था से छेड़छाड़ कर तांबे की अर्थ केबल चोरी करने वाले गिरोह का आरपीएफ ने खुलासा किया है। मामले में दो आरोपियों समीम अख्तर (24) और रॉनी शेख (30) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनका तीसरा साथी आमिर शेख फरार है। आरोपियों ने चोरी के तार पश्चिम बंगाल के एक फेरीवाले को महज 3500 रुपए में बेच दिए थे। आरपीएफ के अनुसार, 8 नवंबर को पाकुड़ रेलवे यार्ड के वेस्ट हट के पास सिग्नल विभाग की डीपी बॉक्स से जुड़ी तांबे की अर्थ वायर काटकर चोरी कर ली गई थी। इससे रेलवे की एमएसडीएसी सिग्नल प्रणाली के दो ट्रैक प्रभावित हुए और करीब 24 हजार रुपए का नुकसान हुआ। मरम्मत के बाद शाम 5:10 बजे व्यवस्था बहाल की गई। मामले की जांच के दौरान 9 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे आरपीएफ ने रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध रूप से घूम रहे तीन युवकों को देखा। घेराबंदी कर दो को पकड़ लिया गया, जबकि तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार की और बताया कि चोरी के तार बेचकर मिली रकम तीनों ने आपस में बांट ली थी। सोमवार को वे दोबारा दूसरे डीपी बॉक्स से तार चोरी करने पहुंचे थे, लेकिन वारदात से पहले ही पकड़े गए।आरपीएफ ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। रेलवे संपत्ति अधिनियम और रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।





