13 नवंबर से नामांकन, 15 नवंबर को चुनाव चिह्न आवंटन; सहकारिता विभाग ने निर्वाचन पदाधिकारी नियुक्त किए
पाकुड़। बासकेन्द्री एमपीसीएस (लैम्पस) की प्रबंधकारिणी समिति के गठन को लेकर चुनावी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सहायक निबंधक, सहयोग समितियां पाकुड़ अंचल सह संचालन पदाधिकारी चन्द्रजीत खलखो ने निर्वाचन कार्यक्रम जारी करते हुए सहकारिता प्रसार पदाधिकारी नौरिक रविदास को निर्वाचन पदाधिकारी तथा प्रमोद कुमार को वैकल्पिक निर्वाचन पदाधिकारी नियुक्त किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 नवंबर को नामांकन दाखिल और जांच होगी। 14 नवंबर को नामांकन पर आपत्तियां ली जाएंगी और उनका निष्पादन किया जाएगा। 15 नवंबर को नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। वहीं, निर्वाचन की स्थिति में 23 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक समिति मुख्यालय में मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया विशेष आमसभा के माध्यम से संपन्न होगी।






