पुलिस की तत्परता से समय पर अस्पताल पहुंचे घायल, गंभीर रूप से जख्मी युवक रेफर।
पाकुड़िया। राधानगर-सिलमगड़िया मोड़ के समीप रविवार शाम अज्ञात मोटरसाइकिल की टक्कर से एक बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों में महेशपुर थाना क्षेत्र के बलियापतरा गांव निवासी होपमनय मुर्मू, बबलू किस्कू और किरण किस्कू शामिल हैं। तीनों घर लौट रहे थे, तभी तेज टक्कर लगने से सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पाकुड़िया थाना के एएसआई लल्लू राम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बबलू किस्कू की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, उनके चेहरे की हड्डी टूट गई है। अन्य दोनों घायलों का उपचार किया गया। टक्कर मारने वाले बाइक चालक की पहचान नहीं हो सकी है।








