Search

November 9, 2026 11:10 pm

आधी रात मां काली की स्थापना, शाम को विदाई; आस्था के सैलाब में डूबा पाकुड़, जिलेभर में गूंजे जयकारे।

श्मशान काली मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 500 से अधिक पाठा बलि अर्पित; दीपों की रोशनी से जगमगाया जिला।

पाकुड़। जिलेभर में रविवार को काली पूजा, लक्ष्मी पूजा और दीपावली का पर्व पारंपरिक उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। पाकुड़ शहर से लेकर पाकुड़िया, महेशपुर, हिरणपुर, अमड़ापाड़ा, लिट्टीपाड़ा और अन्य प्रखंडों के गांवों तक मां काली की आराधना में श्रद्धालु लीन रहे। मंदिरों और पूजा स्थलों में देर रात तक भक्तों की भीड़ जुटी रही। घरों और प्रतिष्ठानों में माता लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की गई। दीपक, मोमबत्तियों और रंग-बिरंगी विद्युत सजावट से पूरा जिला रोशनी से नहा उठा। पाकुड़ के कालीतल्ला स्थित प्रसिद्ध मां श्मशान काली मंदिर में आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला। अमावस्या की मध्यरात्रि में मां की प्रतिमा स्थापित होते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मन्नत पूरी होने पर भक्तों ने 500 से अधिक पाठा बलि अर्पित की। यहां की सबसे अनूठी विशेषता सदियों पुरानी स्थापना-विसर्जन की परंपरा है। मध्यरात्रि में मां की प्रतिमा स्थापित की जाती है और उसी दिन शाम को विधि-विधान के साथ विसर्जन कर दिया जाता है। पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा क्षेत्र की धार्मिक पहचान और भक्तों की अटूट आस्था का प्रतीक है।पाकुड़िया प्रखंड के काली मंदिर सहित गणपुरा, राधानगर, फुलझिंझरी, खजुरचुवां, बन्नोग्राम और पलियादाहा समेत कई गांवों में भी मां काली की पूजा धूमधाम से हुई। पाकुड़िया यज्ञ मैदान में काली मेला आकर्षण का केंद्र रहा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!