Search

September 29, 2026 10:44 pm

गंगा नदी का तटबंध कटने से रेल परिचालन प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द और कई का मार्ग बदला

साहिबगंज/पाकुड़। साहिबगंज रेलखंड के सकरीगली (एसएलआई) और महाराजपुर (एमजेपी) के बीच गंगा नदी के तटबंध के कट जाने से रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। मालदा मंडल के साहिबगंज-भागलपुर रेलखंड में डाउन लाइन पर यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन फिलहाल निलंबित किया गया है। इसके चलते रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने के साथ कुछ ट्रेनों को दूसरे मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे की ओर से 29 सितंबर को जारी परिचालन आदेश के अनुसार, 29 सितंबर को 53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर ट्रेन रद्द कर दी गई है। वहीं 13410 किऊल-मालदा टाउन एक्सप्रेस को साहिबगंज में ही रोक दिया गया है। इसके अलावा 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस, 13404 भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस और 13072 जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस को भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट होकर परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। रेलवे ने 15657 दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल और 15744 बठिंडा-बालुरघाट फरक्का एक्सप्रेस को भी जमालपुर-मुंगेर-कटिहार होकर परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है।

30 सितंबर को भी ट्रेनों पर असर

रेलवे के अनुसार 63074 साहिबगंज-रामपुरहाट पैसेंजर और 13428 साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस को 30 सितंबर को रद्द किया गया है। वहीं एक विशेष ट्रेन को किऊल-जसीडीह-आसनसोल-कांड्रा मार्ग से चलाने की व्यवस्था की गई है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्रभावित ट्रेनों से संबंधित जानकारी आईसीएमएस, यात्री सूचना प्रणाली, आईवीआरएस और हेल्पलाइन 139 पर अपडेट करने का निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित यात्रियों को मोबाइल पर एसएमएस भेजने और स्टेशनों पर लगातार उद्घोषणा के माध्यम से ट्रेन परिचालन में हुए बदलाव की जानकारी देने को कहा गया है। रेलवे की इस व्यवस्था का उद्देश्य तटबंध कटने से उत्पन्न स्थिति के बीच यात्रियों को समय रहते ट्रेन रद्द होने, मार्ग परिवर्तन और परिचालन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!