दीपावली-छठ की छुट्टियों से पहले शिक्षकों ने बच्चों को दिया यादगार तोहफा, चाचा नेहरू को किया याद
पाकुड़। डीएवी पब्लिक स्कूल पाकुड़ में दीपावली और छठ पूजा की छुट्टियों से पहले बाल दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से बच्चों को खास सरप्राइज दिया। शिक्षिकाओं के मनमोहक नृत्य और प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती के मधुर गीत ने समारोह में चार चांद लगा दिए। बच्चों ने तालियों के साथ शिक्षकों की प्रस्तुतियों का खूब आनंद लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसका संचालन शिक्षकों ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कारों का संदेश दिया गया। शिक्षिकाओं के नृत्य ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया, वहीं प्राचार्य के गीत ने समारोह को यादगार बना दिया। इस अवसर पर पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया। वक्ताओं ने बच्चों के प्रति उनके स्नेह और प्रेम को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को दीपावली और छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित एवं खुशहाल त्योहार मनाने की अपील की।






