Search

September 29, 2026 9:17 pm

12 गांवों में महीनों से अंधेरा, विधायक स्टीफन मरांडी ने ट्रांसफार्मर बदलने की मांग उठाई

इकबाल हुसैन

महेशपुर/पाकुड़। महेशपुर और पाकुड़िया प्रखंड के 12 गांवों में पिछले कई महीनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। कहीं ट्रांसफार्मर जलने तो कहीं चोरी होने के कारण सैकड़ों ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं किसान सिंचाई के लिए पंप नहीं चला पा रहे हैं। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए झारखंड विधानसभा की अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के सभापति सह महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने बिजली विभाग से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। विधायक ने साहेबगंज विद्युत आपूर्ति अंचल के अधीक्षण अभियंता को पत्रांक 369(R)/26, दिनांक 20 सितंबर 2026 के माध्यम से पत्र भेजकर संबंधित गांवों में जल्द नए ट्रांसफार्मर लगाने का आग्रह किया है। पत्र में उन्होंने कहा है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने लगातार बिजली संकट की शिकायत की थी। इसके बाद जानकारी लेने पर कई स्थानों पर पुराने ट्रांसफार्मर जलने अथवा चोरी होने की बात सामने आई।

16 और 10 केवीए के ट्रांसफार्मरों की जगह 25 केवीए की मांग

विधायक की ओर से विभाग को सौंपी गई सूची में महेशपुर और पाकुड़िया प्रखंड की 10 पंचायतों के 12 टोले शामिल हैं। इनमें अधिकांश स्थानों पर 16 केवीए और 10 केवीए के ट्रांसफार्मर चोरी या खराब बताए गए हैं। विधायक ने इन छोटे ट्रांसफार्मरों की जगह 25 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ओवरलोड की समस्या कम हो सके। सूची के अनुसार डोमनगाड़िया के मधुपुर में 16 केवीए, रोलाग्राम के घाटचोरा में 16 केवीए, खजुरडंगाल के विश्नपुर बाद टोला में 16 केवीए, बसंतपुर के खागाजुड़ी प्रधान टोला में 16 केवीए, मोंगलाबांध के ढेकीड़ूबा मांझी टोला में 16 केवीए, गणपुरा के दुम्मीबेरमासिया प्रमाणिक टोला में 16 केवीए, बासेतकुंडी के लातार टोला में 16 केवीए और खाक्सा पंचायत के माटियाचुआं झरला टोला में 10 केवीए का ट्रांसफार्मर चोरी होने की बात कही गई है। वहीं सीतारामपुर पंचायत के सिन्दरी और दतियारपोखर में 16-16 केवीए के ट्रांसफार्मर खराब/चोरी बताए गए हैं। गायबथान पंचायत के निझोर कमार टोला में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर जलने और निझोर चेतान टोला में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर चोरी होने का उल्लेख पत्र में किया गया है।

ग्रामीणों को राहत दिलाने पर जोर

विधायक ने बिजली विभाग से मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से बिजली संकट झेल रहे हैं। बिजली जैसी मूलभूत सुविधा बाधित रहने से ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी के साथ बच्चों की पढ़ाई और कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में संबंधित गांवों में जल्द ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल की जानी चाहिए।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!