एसडीपीओ विजय कुमार और थाना प्रभारी ने किया बैच व टोपी का वितरण, अफवाहों से दूर रहने की अपील।
पाकुड़िया। दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को पाकुड़िया थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों ने पूजा समितियों के सदस्यों के साथ बैठक की। इस दौरान एसडीपीओ विजय कुमार और थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न दुर्गापूजा समितियों के सदस्यों के बीच बैच एवं टोपी का वितरण किया। साथ ही त्योहार के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ सभी पूजा समितियों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ संदेश प्रसारित करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील भी की गई। पदाधिकारियों ने पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व मनाने तथा आपसी भाईचारे और सद्भाव की परंपरा को मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी के सहयोग से दुर्गापूजा का पर्व शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न होगा। मौके पर एसआई कैलाश उरांव सहित विभिन्न दुर्गापूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।








