गोकुलपुर मैदान में ग्रामीण फुटबॉल खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर, पारंपरिक खेल प्रतिभाओं को मिल रहा मंच।
पाकुड़। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता-2026 के तहत बुधवार को गोकुलपुर खेल मैदान में पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिले की 16 टीमों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। मैदान में खिलाड़ियों के उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।
प्रतियोगिता में धनुषपूजा, बरमसिया, गोकुलपुर, श्रीरामपुर, शहरकोल, महादेबपुर, दुर्गापुर, बड़ा मोहलान, कोलाजोड़ा, मांगलापाड़ा, काशीला, पोलाशडांगा, छोटा मोहलान, बलियाडांगा, संतालदीसूम हिरणपुर एवं खपराजोला की टीमों ने भाग लिया।प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने, जनजातीय युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने और झारखंड की पारंपरिक खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। आयोजन से ग्रामीण खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिल रहा है।






