Search

November 18, 2026 10:06 pm

11 माह के बेटे के लिए दर-दर भटक रहे माता-पिता, दस्तावेजों के बावजूद नहीं मिली ममता की गोद!

सदर अस्पताल के पास से महिला ले गई थी मासूम, अब सीडब्ल्यूसी के संरक्षण में बच्चा।

सत्यापन और कानूनी प्रक्रिया के नाम पर परिवार कर रहा इंतजार।

पाकुड़: अपने ही 11 माह के बेटे को वापस पाने के लिए एक दंपती थाने से लेकर बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) तक गुहार लगा रहा है। बच्चे को अपना साबित करने के लिए जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, वंशावली और कोर्ट का शपथ पत्र तक जमा कर दिया, लेकिन अब तक मासूम माता-पिता की गोद में नहीं लौट सका है। मामला देवीनगरपाड़ा (भवानीपुर) गांव का है। पिता अंजारुल शेख के अनुसार, 23 सितंबर को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल के पास से रीना देवी उनके 11 माह के बेटे फिरदौस शेख को अपने साथ ले गई थी। आरोप है कि बच्चा वापस मांगने पर महिला ने पालन-पोषण में हुए खर्च का हवाला देकर उसे लौटाने से इनकार कर दिया। काफी खोजबीन और शिकायत के बाद पता चला कि बच्चा सीडब्ल्यूसी के संरक्षण में है। दंपती का दावा है कि उन्होंने बच्चे के जन्म और अपनी पहचान से जुड़े तमाम दस्तावेज समिति को सौंप दिए हैं। इसके बावजूद मासूम से मिलने और उसे वापस पाने के लिए उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है। सीडब्ल्यूसी सदस्य विनोद कुमार प्रमाणिक के मुताबिक, 29 अक्टूबर को बच्चे को समिति ने संरक्षण में लेकर विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी भेजा है। पुलिस जांच, दस्तावेजों के सत्यापन और अखबार में विज्ञापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बच्चे को सुपुर्द किया जाएगा।
अब सवाल यह है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक अपने बच्चे को पाने की आस में भटक रहे माता-पिता का इंतजार आखिर कब खत्म होगा?

IMG 20261118 WA0036

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!