Search

April 6, 2026 8:59 pm

अटल चौक पर फहरा भाजपा का ध्वज, जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू बोलीं— ‘राष्ट्र प्रथम ही हमारी पहचान’

पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर सोमवार को नगर के अटल चौक में जिला अध्यक्ष श्रीमती सरिता मुर्मू के नेतृत्व में ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने पार्टी की मूल विचारधारा ‘राष्ट्र प्रथम’ को सर्वोपरि बताते हुए संगठन की भूमिका और जिम्मेदारियों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को नई दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान से शुरू हुई भाजपा की यात्रा आज विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित हो चुकी है। इस ऐतिहासिक अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की वह पंक्ति— “अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा”— को याद करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया।

विचारधारा ही भाजपा की असली ताकत।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सशक्त विचारधारा पर आधारित आंदोलन है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के सिद्धांतों को आत्मसात कर पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लक्ष्य पर काम कर रही है।

संघर्ष से शिखर तक का सफर।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के संघर्षपूर्ण इतिहास को भी याद दिलाया। 1984 में मात्र दो सीटों से शुरू होकर 2014 और 2019 में पूर्ण बहुमत तक पहुंचने की यात्रा को उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती का परिणाम बताया।

बड़े फैसलों से बदली देश की दिशा

सरिता मुर्मू ने केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक बदलाव देखे हैं। अनुच्छेद 370 का निरस्तीकरण, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण और डिजिटल व बुनियादी ढांचे का विस्तार, नए भारत की दिशा तय कर रहे हैं।

‘संगठन ही सेवा’ का मंत्र।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। ‘सेवा ही संगठन’ के मंत्र के साथ पार्टी हर संकट में समाज के साथ खड़ी रहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 2047 के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र को जन-जन तक पहुंचाएं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!