मेदिनीनगर बोर्ड की दूसरी बैठक में सर्वसम्मति से हुआ निर्णय
महापौर अरुणा शंकर की अध्यक्षता में हुई बैठक, कई अहम प्रस्ताव पारित
संजय कुमार गुप्ता
मेदिनीनगर/पलामू
सोमवार को मेदिनीनगर नगर निगम बोर्ड की दूसरी बैठक महापौर अरुणा शंकर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय विधायक आलोक चौरसिया, उप महापौर मनोज सिंह तथा पलामू सांसद के जिला प्रतिनिधि विजय ओझा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। नगर आयुक्त मोहम्मद जावेद हुसैन की देखरेख में बैठक की पूरी कार्यवाही संपन्न हुई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विकास लक्ष्य निर्धारित किए गए, जबकि वर्ष 2024-25 का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया गया। इस दौरान एक अहम निर्णय लेते हुए मेयर अरुणा शंकर और डिप्टी मेयर मनोज सिंह ने अपने चुनावी वादे को पूरा करते हुए मेदिनीनगर के मुख्य बाजार स्थित चौधराना बाजार का किराया 6 रुपये प्रति स्क्वायर फीट से घटाकर 4 रुपये प्रति स्क्वायर फीट करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
हालांकि, यह नई दर कब से लागू होगी, इस पर बैठक में स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया। ऐसे में चौधराना बाजार के लाभुकों को फिलहाल घटे हुए किराये के लागू होने का इंतजार करना होगा। इस प्रस्ताव पर क्षेत्रीय विधायक, उप महापौर और सभी पार्षदों ने एकमत से सहमति जताई।
महापौर अरुणा शंकर ने कहा कि किराया में कमी से आम लोगों और छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी और इसे जल्द लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह निर्णय सामूहिक सोच का परिणाम है। निगम की ओर से जनहित में सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर भी मुहर लगी, जिसमें मेयर, डिप्टी मेयर एवं वार्ड पार्षदों के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ कार्यालय में बुनियादी ढांचे के विकास और निर्माण से संबंधित योजना को स्वीकृति दी गई। साथ ही यह भी तय किया गया कि आगामी तीसरी बैठक में सभी 35 वार्ड पार्षदों के एजेंडों पर विचार कर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
उप महापौर मनोज सिंह ने कहा कि चौधराना बाजार का किराया कम करना समय की जरूरत थी और इससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
आगामी बैठक में विकास योजनाओं पर होगा फोकस
महापौर ने जानकारी दी कि अगली बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इनमें निगम क्षेत्र में शामिल नए ग्रामीण इलाकों का समग्र विकास, शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत, नालियों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मती कार्य, तथा शहरी जलापूर्ति फेज-2 परियोजना की समीक्षा शामिल है।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को धरातल पर उतारकर मेदिनीनगर को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक का समापन पार्षद विवेकानंद त्रिपाठी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।







