Search

February 15, 2026 6:30 am

निगरानी से बाहर रह सकते हैं चेंगाडांगा के नए चेकपोस्ट

गलत जगह बना चेकनाका तो बेअसर होगी कार्रवाई,पुनर्विचार की उठी मांग

मो० काजीरुल शेख

पाकुड़: पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत चेंगाडांगा गांव के समीप प्रस्तावित नए चेक पोस्ट को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर चेक पोस्ट स्थापित किया जा रहा है, वह रणनीतिक दृष्टि से उपयुक्त नहीं है।ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग हमरुल गांव से होते हुए पश्चिम बंगाल की अंतरराज्यीय सीमा तक जाता है, जो झारखंड की अंतिम सीमा तिलपहाड़ी तक जुड़ा हुआ है। ऐसे में यदि चेक पोस्ट वर्तमान निर्धारित स्थान पर स्थापित कर दिया जाता है तो झारखंड-बंगाल सीमा क्षेत्र में संचालित खनन एवं क्रशर इकाइयों से जुड़े वाहनों की प्रभावी निगरानी संभव नहीं हो पाएगी। खासकर हरीरामपुर और कान्हुपुर जैसे क्षेत्र, जो पाकुड़ जिले के अंतर्गत आते हैं, निगरानी दायरे से बाहर रह सकते हैं।गौरतलब है कि बीते 1 फरवरी को समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया था कि मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के चेंगाडांगा मार्ग से होकर गुजरने वाले खनिज लदे वाहनों की जांच के लिए 10 फरवरी तक उपयुक्त स्थान पर नया चेकनाका स्थापित किया जाए।हालांकि अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्रस्तावित स्थल वास्तव में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने में सक्षम होगा या नहीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चेक पोस्ट की स्थापना से पहले स्थल का पुनर्मूल्यांकन किया जाए, ताकि सीमा क्षेत्र में संचालित गतिविधियों पर सख्ती से नजर रखी जा सके।

एसडीएम ने क्या कहा?

अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) साइमन मरांडी ने स्पष्ट किया कि चेक नाका का निर्माण अवैध खनन एवं अवैध परिवहन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्थल का चयन निरीक्षण के बाद ही किया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस संबंध में किसी प्रकार की आपत्ति या तकनीकी पहलू सामने आता है तो इस पर जिला खनन पदाधिकारी से बात की जा सकती है।

डीएमओ ने क्या कहा?

वहीं जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) राजेश कुमार ने दो टूक कहा कि किसी भी हाल में जिले के भीतर अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं अवैध खनन या खनिज परिवहन की सूचना मिलती है तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। चेक पोस्ट के निर्माण स्थल का पूर्व में निरीक्षण किया गया है। फिर भी यदि स्थानीय स्तर पर किसी प्रकार की व्यावहारिक समस्या या आपत्ति सामने आती है, तो प्रशासन अपनी बातों और निर्णय पर पुनर्विचार करने को तैयार है।

img 20260214 wa00761134444601018931603
img 20260214 wa00774838963752454408310

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर