Search

March 18, 2026 10:19 pm

स्वच्छ मेदिनीनगर, स्वस्थ मेदिनीनगर का निर्माण मेरा संकल्प – अरुणा शंकर

संजय कुमार गुप्ता

मेदिनीनगर /पलामू
मेदिनीनगर नगर निगम के नव निर्वाचित मेयर अरुणा शंकर ने कहा कि “स्वच्छ मेदिनीनगर, स्वस्थ मेदिनीनगर” उनका संकल्प ही नहीं बल्कि प्राथमिक लक्ष्य है, जिसे हर हाल में धरातल पर उतारा जाएगा। बुधवार को उन्होंने नगर निगम द्वारा संचालित आयुष्मान आरोग्य केन्द्रों—रांची रोड एवं पम्पूकल बेलवाटिका—का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत को परखा और सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा – निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने पर जोर देते हुए उपस्थित चिकित्सकों, डॉ. श्रेया सोनी एवं डॉ. नितेश कुमार के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण, संसाधनों के समुचित उपयोग, डिजिटल हेल्थ मॉनिटरिंग, और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर गहन मंथन किया।

मेयर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि क्लिनिक परिसर में स्वच्छता, समयबद्ध उपस्थिति, और निःशुल्क दवाओं की सतत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। “जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा बिना किसी बाधा के सुलभ हो, यह मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग, जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी,” उन्होंने कहा।

उन्होंने उक्त आयुष्मान आरोग्य केन्द्र को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस करने की योजना का भी ऐलान किया। इसके तहत भविष्य में डायलीसिस यूनिट, उन्नत जांच सुविधाएं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, और बेहतर प्रसव व्यवस्था विकसित की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह इस केन्द्र को व्यक्तिगत रूप से गोद लेकर इसके समग्र विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण, और सेवा गुणवत्ता सुधार की जिम्मेदारी मैं स्वयं निभाऊंगी।

इसके पश्चात मेयर ने एमएमसीएच अस्पताल के महिला वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड की साफ-सफाई व्यवस्था को संतोषजनक बताया, लेकिन पीने के स्वच्छ पानी की कमी पर गंभीर चिंता व्यक्त की। इस पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को तत्काल आवश्यक कदम उठाकर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और शीघ्र समाधान का भरोसा दिया। महिला वार्ड के सामने स्थित निगम शौचालय के बंद रहने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग को दो दिनों के भीतर उसे चालू करने का सख्त निर्देश दिया।

मेयर अरुणा शंकर ने कहा कि “जनता ने मुझे जिस विश्वास और उम्मीद के साथ दोबारा नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना मेरी नैतिक जिम्मेदारी है। शहर के सर्वांगीण विकास के लिए स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण और जन कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।”

उन्होंने आगे कहा कि मेदिनीनगर को एक मॉडल नगर के रूप में विकसित करने के लिए स्मार्ट सिटी कॉन्सेप्ट, हरित विकास, कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण, और डिजिटल गवर्नेंस जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। “हमारा लक्ष्य सिर्फ विकास नहीं, बल्कि समावेशी और सतत विकास है, जिसमें हर नागरिक को बेहतर जीवन स्तर मिले,” उन्होंने जोर देते हुए कहा।

इस निरीक्षण और संवाद कार्यक्रम से यह स्पष्ट हो गया कि मेयर अरुणा शंकर शहर के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत करने, आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने और जनविश्वास को कायम रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं।

img 20260318 wa01605992804972723234350
img 20260318 wa01597069436974795704233

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर