10वीं-12वीं के छात्रों के लिए वर्कशॉप, एडमिट कार्ड बांटे गए
पाकुड़। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा को लेकर रविन्द्र भवन टाउन हॉल में बुधवार को 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, पाकुड़ और सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राज +2 के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मनीष कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच से ही बेहतर परिणाम आते हैं। उन्होंने छात्रों को नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और लगातार रिवीजन करने की सलाह दी। कहा कि बोर्ड परीक्षा सिर्फ नंबर नहीं, भविष्य की नींव होती है। उपायुक्त ने बताया कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका असर सरकारी स्कूलों के रिजल्ट में दिख रहा है। उपायुक्त ने उम्मीद जताई कि इस साल जिले का परीक्षा परिणाम और बेहतर होगा।
उपायुक्त ने परीक्षा से जुड़ी जरूरी बातें भी बताईं और कहा कि परीक्षा केंद्र समय से पहले पहुंचें।
प्रश्नपत्र ध्यान से पढ़ें
शांत और एकाग्र मन से परीक्षा दें
किसी भी तरह के अनुचित साधन से बचें
उत्तर साफ-सुथरे और क्रमबद्ध लिखें
जरूरत पड़ने पर आरेख व फ्लोचार्ट बनाएं
उन्होंने कहा कि किसी सवाल का पूरा उत्तर न आए तो उससे जुड़े मुख्य बिंदु जरूर लिखें, इससे नंबर मिलने की संभावना रहती है।
छात्रों में एडमिट कार्ड बांटे
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने छात्र-छात्राओं के बीच सांकेतिक रूप से एडमिट कार्ड का वितरण किया। इस मौके पर उन्होंने सभी विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं और पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की अपील की।







