कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी, “पहले बुकिंग–पहले आपूर्ति” नियम का पालन करने का निर्देश
पाकुड़: जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उपायुक्त मनीष कुमार ने शनिवार को सभी गैस एजेंसी संचालकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में गैस की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गैस की कालाबाजारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी एजेंसी द्वारा कालाबाजारी या अनियमितता करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एजेंसी संचालकों को “पहले बुकिंग, पहले आपूर्ति” के सिद्धांत का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने पर भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में एजेंसियों को बुकिंग, गैस आपूर्ति और स्टॉक से संबंधित प्रतिदिन की रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने जानकारी दी कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही दोबारा गैस बुकिंग की व्यवस्था लागू है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस उपलब्ध हो सके। उपायुक्त ने अस्पताल, आंगनबाड़ी केंद्र, ओल्ड ऐज होम, अनाथालय, कल्याण विभाग के छात्रावास, मध्याह्न भोजन योजना से जुड़े विद्यालय और जेल जैसे संस्थानों में गैस आपूर्ति को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों में गैस की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए भारत गैस का टोल फ्री नंबर 1800-22-4344 और इंडियन ऑयल (इंडेन) गैस का टोल फ्री नंबर 1800-2333-555 जारी किया गया है, जिन पर कॉल कर गैस बुकिंग या संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उपायुक्त ने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि वे अनावश्यक या बार-बार गैस बुकिंग करने से बचें, क्योंकि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं तक नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।





