प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़ )प्रखंड क्षेत्र के लेटबाड़ी गांव में आपसी जमीनी विवाद ने सोमवार को गंभीर रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार लेटबाड़ी गांव निवासी सीताराम मुर्मु (50 वर्ष), पिता जयलाल मुर्मु का बीमारी के कारण निधन हो गया। उनके निधन के बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए।बताया जा रहा है कि मृतक के परिजन जिस जमीन पर दफनाने की तैयारी कर रहे थे, उसे लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोगों ने उक्त जमीन को विवादित बताते हुए वहां अंतिम संस्कार का विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि विवादित भूमि पर दफनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं, मृतक के परिजन अपने निर्णय पर अड़े रहे, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया।घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड प्रशासन के अधिकारी एवं पुलिस बल मौके पर पहुंच गए।अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और शांति बनाए रखने की अपील की। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच किसी प्रकार की सहमति नहीं बन पाई थी। गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और प्रशासन मौके पर डेरा डालकर समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है।






