Search

April 24, 2026 10:50 am

अमड़ापाड़ा थाना में अनूप रोशन भेंगरा ने संभाली कमान, शांति और अपराध नियंत्रण को बताया प्राथमिकता।

अमड़ापाड़ा/पाकुड़ – थाना में सोमवार को पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी के रूप में अनूप रोशन भेंगरा ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा से प्रभार लिया। बता दें कि मदन कुमार शर्मा का स्थानांतरण महेशपुर प्रभाग (सर्किल) में कर दिया गया है। जहाँ वे अब अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। नवनियुक्त थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा के लिए अमड़ापाड़ा का क्षेत्र नया नहीं है। वे पूर्व में भी इसी थाने में अपनी सेवा दे चुके हैं। उनके पिछले कार्यकाल के दौरान क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था पर उनकी पकड़ को देखते हुए विभाग ने एक बार फिर उन्हें अमड़ापाड़ा की कमान सौंपी है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अपराध पर लगाम कसना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। निवर्तमान थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। विशेष रूप से त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध हालिया अभियानों में उनकी सक्रिय भूमिका रही। विदाई के समय उन्होंने अमड़ापाड़ा की जनता और सहकर्मियों से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं पदभार संभालते ही थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने थाना क्षेत्र के ग्रामीणों और प्रबुद्ध नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस और पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध मुक्त समाज की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कारोबार और शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!