राहुल दास
हिरणपुर (पाकुड़): शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे इलाके में उत्साह, उल्लास और भाईचारे के माहौल में शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। सुबह से ही विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज़ियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नए कपड़े पहनकर और इत्र लगाकर ईद की नमाज़ अदा की।
हाथकाठी स्थित ईदगाह सहित क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों में इमाम की अगुवाई में निर्धारित समय पर विशेष नमाज़ अदा की गई। हल्की बारिश के बावजूद नमाज़ियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। नमाज़ के बाद खुतबा पढ़ा गया, जिसमें आपसी भाईचारे, शांति, सद्भाव और एकता बनाए रखने का संदेश दिया गया। साथ ही देश की तरक्की, खुशहाली और अमन-चैन के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसी क्रम में कमल घाटी गांव के ईदगाह में नमाज़ अदा करने के बाद झामुमो जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने इमाम और स्थानीय लोगों व अपने समर्थकों के साथ मिलकर सभी को ईद की बधाई दी और भाईचारे का संदेश दिया। हाथकाठी सुन्नी मस्जिद सहित जामा मस्जिद हिरणपुर, मोहनपुर, बाबूपुर, तोड़ाई, दराजमाथ, बड़तल्ला, गोविंदपुर, रानीपुर और करणडांगा समेत विभिन्न स्थानों पर भी बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज़ अदा की।
ईद को लेकर सभी प्रमुख स्थलों पर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। दंडाधिकारियों की निगरानी में पुलिस बल तैनात रहे। बीडीओ दिलीप टुडू, सीओ मनोज कुमार और थाना प्रभारी विनय कुमार संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी करते नजर आए।
पूरे क्षेत्र में ईद का त्योहार शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुआ।








