अमड़ापाड़ा – प्रखंड क्षेत्र के डुमरचीर पंचायत भवन में गुरुवार को भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार वर्ष 2025-26 के तहत ‘वित्तीय साक्षरता सप्ताह अभियान’ के अंतर्गत एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को डिजिटल लेनदेन और सुरक्षित बैंकिंग के प्रति जागरूक करना था। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय स्टेट बैंक अमड़ापाड़ा के शाखा प्रबंधक अमल सोरेन एवं झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक संजय यादव उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार और बैंकों द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। शिविर के दौरान एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि दर्जनों महिला-पुरुष ग्रामीणों के लंबे समय से बंद पड़े खातों का e-KYC कर उन्हें पुनः चालू किया गया।
साइबर ठगी से बचने की अपील
एसबीआई शाखा प्रबंधक अमल सोरेन ने ग्रामीणों को साइबर अपराध के प्रति आगाह करते हुए कहा कि अपना बैंक खाता या ई-केवाईसी संबंधी दस्तावेज किसी भी अनजान व्यक्ति को न सौंपें और ना ही किसी भी अनजान व्यक्ति का पैसा अपने खाते में मंगवाएं, यह आपको कानूनी मुसीबत में डाल सकता है। उन्होंने आगे जानकारी देते हुए कहा कि ओटीपी या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें, साइबर अपराधी लिंक भेजकर आपके खाते से पैसे उड़ा सकते हैं। इसलिए सतर्क रहें।
मौके पर मौजूद गणमान्य
इस अवसर पर सीएसपी संचालक आदित्य कुमार उर्फ सोनू, रंजीत कुमार, सुनील कुमार, पप्पू कुमार, मनोज कुमार, अनिल पहाड़िया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।








