जिला ब्यूरो
बोकारो। बोकारो जिला वन विभाग कार्यालय द्वारा रविवार को एक सूचना जारी की गई है इसमें कहा गया है कि सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि महुआ संकलन हेतु जंगलों में आग लगाने की गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं। कुछ असामाजिक तत्वों की लापरवाही से लगाई गई यह आग अब लुगू बुरु के घने जंगलों तक तेजी से फैल रही है।


यह स्पष्ट किया जाता है कि लुगू बुरु क्षेत्र हाथियों का प्राकृतिक अधिवास है। यदि जंगल की आग, धुएं और तपिश के कारण हाथियों का दल विचलित होता है, तो वे जान बचाने के लिए आस-पास के गांवों और रिहायशी इलाकों का रुख करेंगे। ऐसी स्थिति में हाथियों के झुंड द्वारा क्षेत्र में भारी तबाही और जान-माल का भयानक नुकसान होने की प्रबल आशंका है। वन प्रमंडल और प्रशासन इस कृत्य को लेकर बेहद सख्त है। जो भी तत्व जंगल में आग लगाते हुए या आग फैलाने में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध वन अधिनियम के अंतर्गत तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सार्वजनिक सुरक्षा और वन्यजीवों को खतरे में डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा। जनसामान्य से अपेक्षा की जाती है कि वे जंगलों में आग लगाने जैसी गतिविधियों से दूर रहें और अपने तथा आस-पास के गांवों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।









