Search

September 29, 2026 12:53 am

चाकू से युवक की हत्या, विवाद के बाद पीछे से किया वार।

देवघर का 19 वर्षीय इलेक्ट्रिशियन काम खत्म कर घर लौटने वाला था, ईद की खरीदारी की थी तैयारी; आरोपी गिरफ्तार

पाकुड़/ अमरापाड़ा थाना क्षेत्र के कोयला परिवहन पथ पर रीता चढ़ाई स्थित केपीएस ट्रांसपोर्ट के समीप शनिवार की रात करीब आठ बजे एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के महापुर गांव निवासी 19 वर्षीय लालबाबू अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजमल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार लालबाबू अंसारी केपीएस ट्रांसपोर्ट में इलेक्ट्रिशियन का काम करने के लिए आया था। शनिवार की रात काम खत्म होने के बाद वह ट्रांसपोर्ट परिसर के पास टहल रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद अजमल अंसारी (निवासी चांडिल, कुंडा, देवघर), जो ट्रांसपोर्ट में हेल्पर के रूप में कार्यरत था, से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों के बीच हुए विवाद को बीच-बचाव कर शांत करा दिया था, लेकिन कुछ देर बाद आक्रोशित अजमल अंसारी ने पीछे से लालबाबू की पीठ पर धारदार चाकू से जोरदार वार कर दिया। वार लगते ही लालबाबू गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल फतेहपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल ले जाने के क्रम में ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन दुमका पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि लालबाबू एक सप्ताह के लिए ट्रांसपोर्ट में इलेक्ट्रिशियन का काम करने आया था। उसका काम एक दिन पहले ही समाप्त हो गया था और वह रविवार सुबह अपने घर लौटने वाला था। घर पहुंचकर मधुपुर बाजार में ईद की खरीदारी करने की उसकी योजना थी, लेकिन उससे पहले ही यह घटना हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजमल अंसारी को हिरासत में ले लिया। इस मामले में मृतक के चाचा मो. खलील मियां के फर्द बयान पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 13/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!