Search

August 27, 2026 11:07 pm

जियो नेटवर्क ठप होने पर ग्रामीणों ने किया चक्का जाम, 5जी सेवा की भी उठाई मांग

पाकुड़िया। पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के महोलीगाईपाथर (बगजोबरा) गांव में जियो मिनी टावर की नेटवर्क सेवा बाधित रहने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह करीब पांच बजे सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में लगे जियो मिनी टावर से मिलने वाला 4जी नेटवर्क पिछले 15-20 दिनों से पूरी तरह बंद है। इससे मोबाइल सेवा, ऑनलाइन काम, पढ़ाई समेत कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे थे। चक्का जाम की सूचना मिलने पर पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने एसआई कैला उरांव को मौके पर भेजा। पुलिस पदाधिकारी ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया। इसके बाद टावर में कार्यरत तकनीशियन से संपर्क कर उसे मौके पर बुलाया गया और नेटवर्क सेवा तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। पुलिस और तकनीशियन के आश्वासन के बाद करीब सुबह आठ बजे ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। सुबह का समय होने के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही कम थी, जिससे यातायात पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में केवल 4जी सेवा से अब काम नहीं चलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी के लिए 5जी नेटवर्क की सुविधा भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। ग्रामीणों के मुताबिक मिनी टावर गांव की बिजली आपूर्ति पर निर्भर है। बिजली कटने पर टावर को संचालित करने के लिए पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है, जिससे नेटवर्क सेवा फिर बाधित हो जाती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि नेटवर्क रेंज में सुधार और बिजली की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

img 20260827 wa00225369567654802862469
img 20260827 wa0021228669202570765101

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!