जनसेवा को बताया संकल्प, निजी संसाधनों से की मदद।
बजरंग पंडित
पाकुड़। जनसेवा को अपना संकल्प मानने वाले पूर्व एनडीए प्रत्याशी और समाजसेवी अजहर इस्लाम ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। मनीरामपुर पंचायत की एक बुज़ुर्ग महिला, जिनके पास न तो रहने के लिए पक्का घर था और न ही बिजली की सुविधा, उनके जीवन में रोशनी लाने का कार्य अजहर इस्लाम ने अपने निजी प्रयासों से किया। स्थानीय लोगों से जब उन्हें महिला की कठिन परिस्थितियों की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत पहल करते हुए न सिर्फ उनके लिए एक पक्का घर बनवाया, बल्कि बिजली कनेक्शन भी दिलवाया। इसके साथ ही बुज़ुर्ग महिला को एक मोबाइल फोन भी भेंट किया ताकि उन्हें किसी ज़रूरत के लिए बार-बार बाहर न जाना पड़े। इस नेक कार्य को लेकर अजहर इस्लाम ने कहा, “यह कोई उपकार नहीं, बल्कि मेरे कर्तव्यों का एक छोटा सा हिस्सा है। हर जरूरतमंद तक मदद पहुँचे — यही मेरी प्राथमिकता है।” उन्होंने क्षेत्र की जनता से सहयोग और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील भी की। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए अजहर इस्लाम को धन्यवाद दिया और उम्मीद जताई कि ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।





