पाकुड़। रेलवे बोर्ड ने पाकुड़ स्टेशन के लिए अहम फैसला लेते हुए दो प्रमुख ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दे दी है। यह ठहराव फिलहाल प्रयोगात्मक आधार पर शुरू किया जाएगा। रेल मंत्रालय द्वारा जारी आदेश (03 मार्च 2026) के अनुसार, 12041/12042 हावड़ा–न्यू जलपाईगुड़ी शताब्दी एक्सप्रेस, 22611/22612 एमजीआर सेंट्रल (चेन्नई)–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस, पाकुड़ स्टेशन पर रुकेंगी। रेलवे बोर्ड ने संबंधित जोनों को निर्देश दिया है कि स्टेशन पर टिकट बिक्री की नियमित निगरानी की जाए, ताकि आगे इस ठहराव को स्थायी बनाने पर निर्णय लिया जा सके। साथ ही, इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है। इस फैसले से पाकुड़ और आसपास के इलाकों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सीधा लाभ मिलेगा। अब कोलकाता, सिलीगुड़ी और चेन्नई जैसे शहरों के लिए यात्रा अधिक आसान हो जाएगी।






