अबीर-गुलाल के रंग में डूबे श्रद्धालु, राधा-कृष्ण की जय-जयकार से गूंजा पूरा पंडाल
प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): प्रखंड के गांव में आयोजित तीन दिवसीय 24 प्रहर हरिनाम संकीर्तन का समापन शनिवार को पारंपरिक कुंजभंग और धुलेट खेल के साथ भव्य माहौल में संपन्न हो गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में पूरी तरह सराबोर नजर आए। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर भक्ति रस में झूमते रहे। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल से आई सुप्रसिद्ध गायिका संचिता बनर्जी ने धुलेट लीला का भावपूर्ण और सजीव वर्णन प्रस्तुत किया। उनके गायन और वर्णन से पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में डूब गया। धुलेट का मनमोहक दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और चारों ओर राधा-कृष्ण की जय-जयकार गूंजने लगी। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग पहुंचे थे। पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। वहीं पश्चिम बंगाल से आए विभिन्न कीर्तन मंडलों ने राधा-कृष्ण की लीलाओं का संकीर्तन के माध्यम से सुंदर वर्णन किया। कीर्तनिया दलों ने नौका विहार, रास-विलास और राधा-कृष्ण के दिव्य स्वरूपों का भावपूर्ण चित्रण कर भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में श्रद्धालुओं ने वृंदावन की पवित्र मिट्टी माथे पर लगाकर कार्यक्रम का समापन किया। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में अंजन मंडल, निपेन मंडल, भूमिक मंडल, निमाय मंडल, शिवप्रसाद मंडल और भूजल मंडल सहित अन्य ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






