जिला ब्यूरो संजय कुमार रांची
बेड़ो स्थित डीएवी विवेकानंद पब्लिक स्कूल में शनिवार को अत्याधुनिक एआई एवं रोबोटिक्स लैब का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि निरंजन कुशवाहा (नेटवर्क एवं सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेटर सह परियोजना प्रभारी, झारखंड सरकार – JAP-IT डेटा सेंटर) ने फीता काटकर लैब का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए एआई और रोबोटिक्स से जुड़े विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि आज का समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का है और विद्यालय द्वारा इस आधुनिक तकनीक की शिक्षा को शामिल करना सराहनीय पहल है। इससे गाँव के बच्चे भी अब मेट्रो शहरों के बच्चों के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी सुविधा कई बड़े स्कूलों में भी उपलब्ध नहीं है, इसलिए गाँव में इस तरह की लैब की स्थापना वास्तव में काबिल-ए-तारीफ है।
विद्यार्थियों ने इस अवसर पर 3D प्रिंटर के मॉडल, ड्रोन,लाइन फॉलोवर मशीन, स्टेप काउंटिंग डिवाइस, ब्लूटूथ कंट्रोल कार, मेटल डिटेक्टर, पुलिंग मशीन सहित एआई और रोबोटिक्स से जुड़े 30 से अधिक मॉडल बनाकर प्रदर्शित किए, जिसे देखकर अतिथि और उपस्थित लोग काफी प्रभावित हुए।

मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि मोबाइल का उपयोग सोच-समझकर करना चाहिए। किसी भी अनजान ऐप या वेबसाइट पर अपनी पर्सनल जानकारी, मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी साझा नहीं करनी चाहिए, क्योंकि इससे डेटा का दुरुपयोग और मोबाइल या लैपटॉप हैक होने का खतरा रहता है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कैलाश कुमार ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को आधुनिक समय की हर आवश्यक सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालय में पहले से ही विज्ञान और कंप्यूटर की सभी प्रयोगशालाएँ उपलब्ध हैं और अब रोबोटिक्स एवं एआई लैब की स्थापना से विद्यार्थियों को नई तकनीक सीखने और नवाचार करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि शिक्षकों और विद्यार्थियों को STEM ROBO के माध्यम से समय-समय पर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
इस नई लैब में बच्चे ड्रोन, 3D प्रिंटर, रोबोटिक्स और एआई तकनीक से जुड़कर नए-नए प्रयोग और नवाचार करने के लिए उत्साहित दिखाई दिए तथा अपने बनाए कई मॉडल भी प्रदर्शित किए।
इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य कैलाश कुमार , प्रबंधक श्रवण कुमार, शिक्षक रंजन चंद्रा , संदीप सिंह , मल्लिका मेहता , कविता कुमारी , रवि सिंह , शैली गुप्ता , सोमी खाखा , निर्मला लकड़ा , रियांशु पांडे , एवं सभी शिक्षक शिक्षिकाएं एवं बच्चे मौजूद थे ।






