Search

March 9, 2026 11:48 pm

2025 के केस में होती गिरफ्तारी तो शायद नहीं होती देवराज सरकार उर्फ नेमुआ की हत्या।

पुराने केस में गिरफ्तारी नहीं होने से बढ़ी रंजिश, होली के दिन चाकू मारकर की गई हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी।

पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के तलवाडांगा, नंदीपाड़ा में होली के दिन हुई देवराज सरकार उर्फ नेमुआ की हत्या के बाद वर्ष 2025 में दर्ज एक जमीन विवाद का मामला फिर चर्चा में आ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय दर्ज मामले में पुलिस द्वारा समय रहते कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाती, तो संभव है कि होली के दिन हुई यह हत्या टल सकती थी। मालूम हो कि 22 सितंबर 2025 को महुआडांगा की रहने वाली सेनेमी मुर्मू ने नगर थाना में एक लिखित आवेदन देकर कुछ लोगों पर उनकी पैतृक जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश, मारपीट और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। आवेदन में कहा गया था कि मौजा महुआडांगा के दाग संख्या 110 में स्थित करीब 17 कट्ठा 11 धूर जमीन उनके पिता सोमाय मुर्मू के नाम खतियान में दर्ज है। आवेदन के अनुसार, 22 सितंबर 2025 को दिन के करीब 11 बजे कुछ लोग उक्त जमीन पर सीमेंट का पिलर गाड़कर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। जब सेनेमी मुर्मू अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंची और इसका विरोध किया, तो कथित भूमाफिया के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उदय यादव और डैनी सरकार ने सब्बल से हमला किया, जबकि देवराज मंडल उर्फ आशीष मंडल ने मरियम मुर्मू और नेहा मुर्मू को पकड़कर उनके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर मरियम मुर्मू को ईंट से मारा गया और नेहा मुर्मू के कपड़े फाड़ दिए गए। साथ ही संझली हांसदा का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में उदय यादव, डैनी सरकार, देवराज मंडल उर्फ आशीष मंडल, प्रवीण मंडल, प्रेम राउत और बिट्टू राउत सहित 10–15 अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए थे। पीड़िता ने उस समय पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। आरोप है कि यदि 2025 में दर्ज मामले में समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी होती और सख्ती से कार्रवाई की जाती, तो आपसी रंजिश इतनी नहीं बढ़ती और देवराज सरकार उर्फ नेमुआ की हत्या जैसी घटना शायद नहीं होती। गौरतलब है कि होली के दिन तलवाडांगा, नंदीपाड़ा में 44 वर्षीय देवराज सरकार उर्फ नेमुआ की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 8–10 हमलावरों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों खुदू मंडल और कृष्ण मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। घटना के बाद अब पुराने मामलों में पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर