Search

March 23, 2026 10:40 pm

रामनवमी व चैती दुर्गा पूजा को लेकर खोरीमहुआ में हाई अलर्ट, प्रशासन ने की व्यापक तैयारी

सुधीर सिन्हा
खोरीमहुआ (गिरिडीह)।

रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा 2026 को लेकर खोरीमहुआ अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। पर्व-त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार (23 मार्च 2026) की शाम 7 बजे गूगल मीट के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन ने की, जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद समेत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी शामिल हुए।

बैठक में पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहन चर्चा की गई। संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थलों की पहचान करने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्ती बढ़ाने और अफवाहों पर सख्ती से नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जहां जरूरत हो, वहां बैरिकेडिंग, पंडाल, मंच, जेनरेटर, सीसीटीवी कैमरा, ड्रोन निगरानी और वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

इसके अलावा साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति, ट्रैफिक मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने अधिकारियों को सतर्क रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी से काम करने को कहा। उन्होंने आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

वहीं प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें, आपसी भाईचारा बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

img 20260323 wa00807610891884700291331
img 20260323 wa00818605789274134345105

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर