पाकुड़ स्थित ओपेन स्काई स्मार्ट स्कूल में 02 मार्च, सोमवार को होली मिलन समारोह उत्साह और सौहार्द के माहौल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और मिलकर इस पारंपरिक पर्व का आनंद उठाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर रंगों और खुशियों से सराबोर नजर आया। बच्चों के चेहरों पर उल्लास और शिक्षकों के साथ आत्मीयता का दृश्य समारोह को खास बनाता रहा। सभी ने आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। विद्यालय के निदेशक मनोज भगत ने होली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि होली सद्भावना, प्रेम और एकता का पर्व है, जो समाज की सभी दीवारों को तोड़कर लोगों को जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और हमें राधा-कृष्ण के प्रेम तथा प्रह्लाद-होलिका की कथा से प्रेरणा लेने की सीख देता है। उन्होंने बच्चों को जिम्मेदारी के साथ होली मनाने का संदेश देते हुए कहा कि नशा, हुड़दंग और जबरदस्ती रंग लगाना होली की मूल भावना के विरुद्ध है। होली का सही आनंद तभी है, जब सभी का सम्मान करते हुए प्रेम और समरसता के साथ त्योहार मनाया जाए। इस सफल आयोजन में निहारिका देवी, ज्योति बास्की, सुभोजीत दत्ता, मीरू मरांडी, मोमिता मंडल, कल्याणी देवी, विदया सिन्हा, सारा बास्की, कुमार सानू, ज्योत्स्ना भौमिक, नेहा किस्कू, प्रियंका देवी, शुभांकर मल्लिक, सेजल खेतान झा सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।








