जीवनपुर चेकनाका के पास हुई दुर्घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, अवैध लकड़ी तस्करी पर उठे सवाल
कोटलपोखर/साहिबगंज: थाना क्षेत्र के जीवनपुर चेकनाका के पास गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 15 वर्षीय युवक सहित करीब 60 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच की बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार टोटो चालक एजाजुल पश्चिम बंगाल के चंडोर से अपने टोटो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अवैध रूप से लकड़ी लदे एक तेज रफ्तार तीन पहिया वाहन ने जीवनपुर चेकनाका के पास टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि लकड़ी लदा वाहन कोटलपोखर मुख्य सड़क होते हुए पश्चिम बंगाल सीमा की ओर जा रहा था। तेज गति के कारण वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में टोटो चालक एजाजुल और उसमें सवार करीब 60 वर्षीय एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत अत्यंत नाजुक थी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन और वन विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में दिनदहाड़े लकड़ी की अवैध तस्करी होती है, लेकिन इसे रोकने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। उनका कहना है कि पुलिस और वन विभाग की नजरों के सामने अवैध रूप से पेड़ों की कटाई और लकड़ी की ढुलाई जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार कोटलपोखर मुख्य सड़क और विशेष रूप से जीवनपुर चेकनाका के आसपास लकड़ी तस्कर लगातार सक्रिय रहते हैं और उन्हें किसी प्रकार का भय नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध लकड़ी तस्करी पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।









