खेल पसंद है तो उसे ही बनाइए लक्ष्य—एसपी निधि द्विवेदी का युवाओं को प्रेरक संदेश।
एसपी-डीसी ने किया जिला क्रिकेट संघ कार्यालय का उद्घाटन, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि का ऐलान
पाकुड़ में खेल गतिविधियों को नई दिशा देते हुए उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने जिला क्रिकेट संघ के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस पहल को जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उद्घाटन के मौके पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि स्थायी कार्यालय मिलने से खिलाड़ियों, कोचों और पदाधिकारियों को एक संगठित मंच मिलेगा, जिससे योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सकेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने युवाओं के जीवन में खेल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में खेल एक मजबूत करियर विकल्प बन चुका है और अभिभावकों को बच्चों को खुलकर खेलने का अवसर देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने उभरते खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। एसपी निधि द्विवेदी ने महिला क्रिकेटरों को प्रोत्साहित करते हुए चार खिलाड़ियों को दस दस हजार रुपये देने की घोषणा की। वहीं उपायुक्त मनीष कुमार ने चार खिलाड़ियों को पांच पांच हजार रुपये तथा तीन कोचों को पांच पांच हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया। इस मौके पर उपायुक्त ने अपने क्रिकेट प्रेम को भी साझा करते हुए कहा कि वे स्वयं भी एक गेंदबाज रह चुके हैं और क्रिकेट से उनका विशेष लगाव है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर कदम पर उनके साथ खड़ा है। कार्यक्रम में जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष एसपी पाकुड़,उपाध्यक्ष श्रीपत कुमार, सचिव प्रणय कुमार तिवारी , कोषाध्यक्ष गणपत कुमार सिंह ,संयुक्त सचिव अमरजीत कुमार, लेखाकार रणवीर सिंह सदस्य नरेश मध्यान, सुमन घोष, सोहन मंडल, प्रीतम मिश्रा खिलाड़ियों के नाम राज्य स्तरीय प्लेयर सिंटू कुमार यादव , जय रजक, प्रियांशु कुमार, सृष्टि हसदा और कई उभरते खिलाड़ी मौजूद रहे। यह पहल निश्चित रूप से पाकुड़ के खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी।








