पाकुड़, झारखंड विधानसभा की अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति की बैठक शनिवार को परिसदन सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सभापति और महेशपुर विधायक स्टीफन मरांडी ने की। बैठक में सदस्य सह विधायक, कांके सुरेश कुमार बैठा और सदस्य सह विधायक, जामा डॉ. लुईस मरांडी भी उपस्थित रहे। उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया ने सभापति और अन्य सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, पंचायत, परिवहन, समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, कल्याण, उद्योग, उत्पाद, खनन, कृषि, पशुपालन, भूमि-संरक्षण, उद्यान, सहकारिता, खेल, पर्यटन, श्रम, नियोजन, लघु सिंचाई, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, सिंचाई, ग्रामीण कार्य विभाग और नगर परिषद सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सभापति स्टीफन मरांडी ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों को न्याय और विकास से जोड़ने के लिए समुचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने पर जोर दिया गया। मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, महेशपुर एसडीपीओ सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

