Search

February 16, 2026 10:03 pm

निकाय चुनाव की तैयारी अंतिम चरण में, 20 फरवरी तक मतदाता पर्ची बांटने का निर्देश।

पाकुड़। नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मनीष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जोनल दंडाधिकारी, सेक्टर पदाधिकारी, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ बैठक हुई। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि 20 फरवरी तक मतदाता पर्ची का शत-प्रतिशत वितरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि मतदाता पर्ची मतदान प्रक्रिया की अहम कड़ी है, इसलिए बीएलओ घर-घर जाकर वितरण करें और इसकी सतत निगरानी रखें। उपायुक्त ने बताया कि 23 फरवरी को मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। सभी मतदान दल तय समय पर बूथों पर पहुंचेंगे। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। माइक्रो ऑब्जर्वर और रिसीविंग पदाधिकारी लगातार भ्रमण करेंगे। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि बीएलओ, उनके परिजन या चुनाव ड्यूटी से जुड़े कर्मी किसी भी अभ्यर्थी के जुलूस, प्रचार या अभियान में शामिल नहीं होंगे। निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, चौकीदार, एनसीसी और नेहरू युवा केंद्र के वालंटियरों की तैनाती, वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं के लिए परिवहन, मतदान कर्मियों के आवासन व भोजन की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
इसी क्रम में चुनाव सामग्री और मतपत्रों के मिलान को लेकर अलग से समीक्षात्मक बैठक हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मतपत्रों और सामग्री का बंडल-दर-बंडल, पैकेट-दर-पैकेट अंदर तक सत्यापन किया जाए। केवल बाहरी जांच पर निर्भर न रहें। नाम, संख्या या श्रेणी में किसी भी तरह की त्रुटि मिलने पर उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए। सहायक निर्वाची पदाधिकारी क्रॉस-चेकिंग अनिवार्य रूप से करें, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो। उपायुक्त ने दो टूक कहा कि चुनाव कार्य में छोटी गलती भी बड़ी समस्या बन सकती है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और पारदर्शिता के साथ काम करें। सेक्टर पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करें।
बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सहित सभी निर्वाची पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर